ये प्यार नहीं तो क्या है, फिर निक के साथ दिखीं प्रियंका



जहां इन दिनों रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के अफेयर की खबरें हर किसी की जुबां पर हैं। वहीं प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकी सिंगर निक जोनास का रिश्ता भी आए दिन लोगों के बीच चर्चा का सबब बन रहा है और बने भी क्यों ना प्रियंका एक इंटरनेशनल स्टार जो बन चुकी हैं।

दोनों के अफेयर की खबरों को तो उस वक्त भी हवा मिली थी जब प्रियंका पिछले साल निक का हाथ थामे मेट गाला के रेड कार्पेट पर नजर आई थीं लेकिन फिर दोनों के अफेयर से जुड़ी कोई खबर सामने नहीं आई थीं।

अब जिस तरह से प्रियंका और निक के बीच नजदीकियां बढ़ रही हैं, लग रहा है प्रियंका जल्द ही अपने इस रिश्ते को शादी का नाम देंगी। पहले अमेरिकी स्टेडियम में निक के साथ उनकी तस्वीरें सामने आईं। फिर दोनों की पूल पार्टी चर्चा का विषय बनी। इसके बाद दोनों न्यूयॉर्क के एक एयरपोर्ट पर साथ नजर आए। फिर दोनों की रोमांटिक कॉफी डेट ने लोगों के बीच सुर्खियां बटोरीं और हाल ही में यह खबर और पुख्ता तब हुई, जब निक के भाई की शादी में प्रियंका ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। शादी से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं, जिनमें प्रियंका और निक के बीच एक बेहद खास बॉन्डिंग देखने को मिली। बताया जा रहा है कि शादी में निक ने प्रियंका को अपने घरवालों से भी मिलवाया।

शादी के बाद हाल ही में एक बार फिर प्रियंका और निक को साथ कैमरे में कैद कर लिया गया। उनकी यह तस्वीर तब ली गई, जब वे न्यूयॉर्क के एक रेस्तरां से डिनर कर बाहर निकल रहे थे।

कुछ दिनों पहले प्रियंका की मां मधु चोपड़ा ने कहा था कि वह किसी विदेशी लड़के के साथ अपनी बेटी की शादी की कल्पना तक नहीं कर सकतीं। उन्होंने निक के साथ प्रियंका की रिलेशनशिप की खबर को अफवाह बताया था।

खुद प्रियंका ने अब तक अपने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया है। वह निक को अपना दोस्त बता रही हैं। खैर, वह भले ही उनके साथ अपनी दोस्ती का ढिंढोरा पीटती रहें लेकिन कहते हैं बिना आग धुआं नहीं उठता। मतलब यह कि अगर दोनों के बीच प्यार की खिचड़ी न पक रही होती तो वे हर कहीं साथ-साथ नजर न आते।

प्रियंका और निक तो सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे के साथ चिट-चैट करते नजर आते हैं। कुछ दिनों पहले प्रियंका ने अपनी सहेलियों के साथ बर्गर खाते हुए एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी, जिसमें वह ठहाके लगाती दिख रही थीं। उनकी इस तस्वीर पर निक ने कुछ ऐसा कमेंट किया था जिससे न चाहते हुए भी उनकी रिलेशनशिप की खबर पर मोहर लग गई थी। उन्होंने लिखा था, 'तुम्हारी इसी स्माइल पर तो मैं....' अब निक आखिर क्या कहना चाहते थे, यह तो साफ-साफ जाहिर हो रहा था।